पत्नी को पीटकर घर से निकालने के बाद दुबई भाग रहे शख्स के खिलाफ पुलिस ने लुक आउट नोटिस जारी कर दिया। इसके बाद उसका दुबई का टिकट रद कराया गया। अब उसको गिरफ्तार करने के लिए दून से पुलिस की एक टीम दिल्ली गई है।
सोमवार को एक महिला अपने सालभर के बच्चे के साथ फरियाद लेकर डीआइजी अरुण मोहन जोशी के पास पहुंची थी। महिला ने डीआइजी को बताया कि उसकी शादी वर्ष 2018 में सिरसा (हरियाणा) निवासी जसविंदर के साथ हुई थी। शादी के कुछ दिन बाद ही पति और ससुराल वाले उसे प्रताड़ित करने लगे। बीती नौ सितंबर को पति ने अपने स्वजनों के साथ मिलकर उसे पीटा और घर से निकाल दिया। वह अपने मायके देहरादून आ गई। अब उसका पति विदेश भाग रहा है।
मंगलवार को शाम छह बजे वह नई दिल्ली से दुबई के लिए फ्लाइट पकड़ने वाला था। डीआइजी ने तत्काल क्षेत्राधिकारी नगर को महिला की काउंसिलिंग और आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया। क्षेत्राधिकारी नगर ने काउंसिलिंग के लिए महिला के पति से संपर्क किया तो उसका मोबाइल बंद था। महिला के ससुराल वालों से संपर्क किया गया तो उन्होंने काउंसिलिंग में आने से साफ इन्कार कर दिया। लिहाजा, महिला की तहरीर पर शहर कोतवाली में पति व अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस ने निरीक्षक अभिसूचना के सहयोग से महिला के पति के पासपोर्ट की डिटेल प्राप्त की और उसे विदेश जाने से रोका। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की महिला के परिवार ने सराहना की है।
धोखाधड़ी में केटीएम शोरूम मालिक गिरफ्तार
दस्तावेजों में गड़बड़ी कर 2.40 रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोप में पुलिस ने केटीएम शोरूम के मालिक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक भंकोली मनेरी उत्तरकाशी निवासी मुकेश सिंह नेगी ने वर्ष 2018 में एक कार फाइनेंस कराई थी। आरोप है कि उनके फर्जी हस्ताक्षर से 2.40 लाख रुपये की फर्जी कोटेशन तैयार कर धोखाधड़ी कर ली गई। जिस कारण उन्हें कार की कीमत से कई गुना ज्यादा कीमत का भुगतान करना पड़ा। इस मामले में शहर कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच कर रहे उपनिरीक्षक रणवीर सिंह ने मंगलवार को आरोपित गगन देशवाल निवासी केटीएम शोरूम ऋषिकुल मायापुर को गिरफ्तार कर लिया। शहर कोतवाल अमरजीत सिंह ने बताया कि गिरफ्तारी के बाद आरोपित को कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया।GulfHindi.com